मुसाफिरखाना तहसील गेट पर प्रदर्शन करते अधिवक्ता। स्रोत संगठन
मुसाफिरखाना। तहसील में अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी है। 30 दिसंबर से चल रहे आंदोलन के क्रम में मंगलवार को भी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ल की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। अधिवक्ताओं ने तहसील के सामने सड़क पर खड़े होकर प्रदर्शन किया, जिससे करीब 10 मिनट तक आवागमन बाधित रहा। वहीं पूरे दिन न्यायिक कार्य ठप रहा।
तहसील की विभिन्न अदालतों में 160 मुकदमे मंगलवार को सूचीबद्ध किए गए। इनमें एसडीएम की अदालत में 24, एसडीएम न्यायिक की अदालत में 46, तहसीलदार की अदालत में 36, नायब तहसीलदार मुसाफिरखाना की अदालत में 19 तथा नायब तहसीलदार जगदीशपुर की अदालत में 35 मुकदमे शामिल रहे। हालांकि अधिवक्ताओं के आंदोलन के चलते न्यायिक कार्य प्रभावित रहा। विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रूप से राजीव कुमार तिवारी, इच्छा तिवारी, अरुण तिवारी, दीपक पांडेय, विनय श्रीवास्तव, रमानाथ तिवारी, अंबरीष तिवारी आदि शामिल रहे।