अमेठी। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए डीएम ने सोमवार देर शाम समीक्षा बैठक की। इस दौरान टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, कोविड बचाव, आशा भुगतान समेत अन्य बिंदुओं की खराब प्रगति पर संग्रामपुर के अधीक्षक को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित योजनाओं व कार्यक्रमों को पारदर्शी ढंग़ से लागू कराने के लिए डीएम अरुण कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। बैठक में डीएम ने जिम्मेदारों से संस्थागत प्रसव, जननी सुरक्षा कार्यक्रम, नवजात शिशु टीकाकरण, आशा भुगतान, आशा रिपोर्टिंग व योजनाओं की बिंदुवार जानकारी ली।
समीक्षा के दौरान खराब प्रगति का मामला साबित होने के बाद कईं को फटकार लगाई। योजनाओं की खराब प्रगति पर डीएम ने संग्रामपुर सीएचसी अधीक्षक को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश सीएमओ को दिया।
डीएम ने गर्भवती महिलाओं का प्रसव सरकारी अस्पतालों में कराने का निर्देश देते हुए प्रसव पूर्व टीकाकरण, खून की जांच, रक्तचाप तथा गर्भ के दौरान बरती जाने वाले सावधानियों एवं खान-पान के प्रति जागरूक करते हुए जननी सुरक्षा योजना का संचालन मानक के अनुरूप करने को कहा।
डीएम ने आशा, एएनम व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को घर-घर सर्वे कर बच्चों की सूची तैयार टीकाकरण करने की बात कहते हुए अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, मरीजों के बैठने के लिए कुर्सी, शौचालय, पीने हेतु पानी, सफाई, बिजली व पंखा आदि सभी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू व मलेरिया के बचाव हेतु निरंतर छिड़काव व फॉगिंग कराने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे समेत सभी एसीएमओ व अस्पताल अधीक्षक मौजूद रहे।