जगदीशपुर (अमेठी)। संजय गांधी पॉलिटेक्निक में शुक्रवार से प्रवेश प्रक्रिया की काउंसिलिंग शुरू हो गई है। प्रधानाचार्य रामरतन ने बताया कि यह प्रक्रिया पांच चरणों में पूरी की जाएगी।उन्होंने बताया कि काउंसिलिंग के पहले चरण के लिए पंजीकरण दो जुलाई तक किया जा सकता है। अभ्यर्थी ऑनलाइन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट jeecup.admissions.nic.in पर पंजीकरण कर सकते हैं।
प्रवेश की प्रक्रिया में रजिस्ट्रेशन, विकल्प चयन, सीट आवंटन, दस्तावेज सत्यापन और शुल्क जमा करना शामिल है। सीट आवंटन के बाद 3250 रुपये बतौर काउंसिलिंग शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। इसके बाद संबंधित संस्था में दस्तावेजों का सत्यापन कर प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा। संस्थान में निशुल्क सहायता केंद्र भी संचालित किया जा रहा है, ताकि अभ्यर्थियों को जनसेवा केंद्रों पर भटकना न पड़े।
प्रधानाचार्य ने बताया कि संस्था में प्रवेश के लिए कुल 1001 छात्रों को सीटें आवंटित हैं, जिनमें से 907 छात्रों ने फोन पर संपर्क किया है।
शेष छात्र संपर्क से बाहर हैं या उनका मोबाइल बंद है। उन्होंने बताया कि तीन चरण पूरे होने के बाद शेष दो चरणों में उत्तर प्रदेश के साथ ही अन्य राज्यों के छात्र भी काउंसिलिंग में भाग ले सकेंगे।