अमेठी सिटी। पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर जिले में इस बार एक भी परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। इसके बावजूद जिला प्रशासन यहां के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए व्यवस्थाओं में लगा रहा। । बृहस्पतिवार को जिले के अफसर अभ्यर्थियों को गंतव्य तक पहुंचाने की कवायद में जुटे रहे।
जिले में पिछली दफा हुई पुलिस भर्ती परीक्षा में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 15,168 अभ्यर्थियों ने पुलिस भर्ती की परीक्षा दी थी। इसमें तकरीबन 5000 महिला अभ्यर्थी भी शामिल थी। पिछली दफा महिला अभ्यर्थियों ने जिले के ही परीक्षा केंद्रों में इम्तिहान दिया था। इस बार जिले में परीक्षा केंद्र न होने से महिला अभ्यर्थियों को सबसे अधिक मुसीबत उठानी पड़ रही है।
23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त तक होगी परीक्षा
इस बार जिले के अभ्यर्थियों को सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, रायबरेली व लखनऊ जिलों में परीक्षा देने के लिए जाना होगा। पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को है।
सारी व्यवस्थाएं की जा रही : एसपी
एसपी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि इस बार जिले में कोई परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है, लेकिन अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों तक ले जाने के लिए सारी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
अभ्यर्थियों के लिए लगाई गईं 30 रोडवेज बसें
अमेठी। शुक्रवार से होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर निगम की ओर से विभिन्न जनपदों के लिए रोड़वेज बसें लगाई गई हैं। स्थानीय डिपो की ओर से सुल्तानपुर के लिए 10 बस, अयोध्या, रायबरेली, अंबेडकर नगर व लखनऊ के लिए पांच-पांच बसें लगाई गई हैं। वहीं, प्रयागराज व अन्य स्थानों के लिए नियमित बसें चलेंगी।
इस दौरान हरदोई, आगरा, मऊ, शाहगंज आदि की बस सेवाएं प्रभावित होंगी। एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि अमेठी बस स्टेशन पर परीक्षा के तीन घंटे पूर्व बसें खड़ी मिलेंगी। जिससे अभ्यर्थी समय बसों से यात्रा कर परीक्षा केंद्र पर पहुंच सकें। कहा कि अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र की फोटो कॉपी आने और जाने में परिचालक के पास जमा करनी होगी।
बगल के जिले में परीक्षा, अलर्ट रहेगी अमेठी पुलिस
अमेठी सिटी। पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस अफसरों ने साइबर और सर्विलांस सेल को एक्टिव कर दिया है। सोशल मीडिया के हर पोस्ट और सूचनाओं पर नजर रखेंगी। अगर कहीं कोई पोस्ट या फिर अफवाह की जानकारी मिलती है तो पुलिस तत्काल एक्शन लेगी।
पड़ोसी जिले में अयोध्या, सुल्तानपुर, रायबरेली व प्रतापगढ़ में परीक्षा होनी है। ऐसे में सीमावर्ती जनपदों से होने वाली मूवमेंट पर टीम नजर रखेगी। परीक्षा के दौरान भ्रामक खबर सोशल मीडिया पोस्ट हुई तो किसने पोस्ट किया और कहां से किया, उसके बारे में पूरी जानकारी लेंगे। टीम पोस्ट करने वाले के बारे में जानेगी, कैसे और किस आधार पर सूचना डाला, इसके बारे में पूछताछ करेगी।