अमेठी सिटी। राजकीय हाईस्कूल चेतरा बुजुर्ग में बृहस्पतिवार को मिशन प्रबोधन के अंतर्गत शैक्षिक गोष्ठी और विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाना और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी सुझाव प्रदान करना रहा।
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में नाजमीन प्रथम, मुस्कान द्वितीय और प्रिया तृतीय स्थान पर रहीं। निबंध लेखन में आदित्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मनप्रीत दूसरे और जाहिद तीसरे स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में सुनैना प्रथम, आंचल द्वितीय और आजमीन तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि कक्षा छह से 12 तक के छात्र नियमित अध्ययन के साथ अनुशासन और समय प्रबंधन पर ध्यान दें। विषयों को समझकर लिखने की आदत ही सफलता की कुंजी है। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।