अमेठी। जिले में कुल कोरोना मरीजों की संख्या भले ही दो सौ का आंकड़ा पार कर गई है लेकिन एक्टिव मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। ठीक होने वाले मरीजों में तीन साल के बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या में आई गिरावट ने प्रशासन को थोड़ी राहत दी है।
अमेठी में कोरोना का पहला मरीज पांच मई को मिला था। यह महिला मरीज राजस्थान के अजमेर शरीफ से वापस आई थी और इसे घर पहुंचने से पहले ही प्रशासन ने क्वारंटीन कर दिया था। पांच मई के बाद छह मई को दो, आठ मई को दो, 10 मई को एक, 13 मई को पांच, 15 मई को दो, 16 मई को चार व 17 को दो के बाद 18 मई को एक साथ आठ मरीजों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी फिर तो जिले में लगातार पहुंच रहे प्रवासियों के कारण करीब-करीब प्रति दिन मरीज मिलने का सिलसिला सा चल निकला।
प्रशासन को सबसे बड़ा झटका 25 व 29 मई को तब लगा जब एक दिन में 34 व 35 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। प्रशासन ने भी लगातार बढ़ रहे कोरोना मरीजों को देखते हुए अपनी तैयारियां तेज कीं।
हालांकि पिछले कुछ दिनों में जहां पॉजिटिव मिलने वालों की संख्या कम हो रही है वहीं विभिन्न अस्पतालों में भर्ती मरीज स्वस्थ तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। शनिवार रात आई जांच रिपोर्ट में भी पहले पॉजिटिव मिले 19 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव व सिंहपुर के पन्हौना निवासी एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
डीएम अरुण कुमार ने बताया कि जिले में अब तक कुल 218 कोरोना मरीज मिले जिनमें से 186 स्वस्थ हो चुके हैं तो एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो चुकी है। मौजूदा समय जिले में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या मात्र 31 है।