गौरीगंज (अमेठी)। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले 37 कार्यक्रमों की मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक में डीएम का तेवर खासा सख्त रहा। बैठक में डीएम ने विभागीय कार्यों व योजनाओं के क्रियान्वयन में खराब ग्रेडिंग पर कई विभागाध्यक्षों को फटकार लगाई।
डीएम ने सभी को समय सीमा के अंदर कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। लापरवाही उजागर होने तथा शासन से जारी मार्किंग सूची में डिफॉल्टर होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी डीएम ने दी है।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम अरुण कुमार ने केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से संचालित व निर्मित परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान योजना के क्रियान्वयन में ‘सी’ व ‘डी’ ग्रेड मिलने पर विभागाध्यक्षों को जमकर फटकर लगाई।
डीएम ने विभाग से जुड़ी योजनाओं/कार्यक्रमों को निर्धारित समय में पूर्ण करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि विभागों को कार्यक्रम क्रियान्वयन में जिले को श्रेणी-डी प्राप्त हुई है वे सुधर जाएं। ऐसे विभाग अपनी प्रभावी कार्ययोजना बनाकर स्वयं नियमित समीक्षा करें तथा आगामी माह में ए-श्रेणी प्राप्त करें।
डीएम ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के अंतर्गत चिकित्सकों, दवाओं की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, टीकाकरण की प्रगति जानी।
पंचायती राज विभाग के अंतर्गत 15वें राज्यवित्त आयोग, कायाकल्प योजना के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, समाज कल्याण के अंतर्गत छात्रवृत्ति वितरण, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, पेंशन योजना भौतिक/वित्तीय, दिव्यांगजन सशक्तीकरण पेंशन योजना, प्रोवेशन विभाग, ग्राम्य विकास के अंतर्गत मुख्यमंत्री समग्र ग्राम विकास योजना अवस्थापना सुविधाएं, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण अजीविका मिशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन, धान खरीद, खाद्य एवं रसद के अन्तर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना, आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न वितरण की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की।
लोक निर्माण विभाग को जिले में नई सड़क व सेतुओं का निर्माण, सड़कों को गड्ढा मुक्त करने तथा पावर कार्पोरेशन को रोस्टर के अनुसार विद्युत अपूर्ति करने का निर्देश दिया। इस दौरान सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर, सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे, डीडीओ प्रदीप कुमार पांडेय, परियोजन निदेशक आशुतोष दुबे, डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा व बीएसए विनोद कुमार मिश्र समेत संबंधित सभी अधिकारी मौजूद रहे।