अमेठी सिटी। मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग का संचालन समाज कल्याण विभाग की ओर से जीजीआईसी परिसर में किया जा रहा है। जहां करीब 120 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। अब नए सत्र में विद्यार्थियों को बेहतर पढ़ाई के लिए कोचिंग की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं।
सरकार की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क कोचिंग का लाभ दिया जा रहा है। जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि कोचिंग के माध्यम से नीट, जेईई, सिविल आदि की परीक्षाओं के लिए तैयारी कराई जा रही है। अब विद्यार्थियों को घर पर पढ़ाई करने के लिए निशुल्क किताबें भी उपलब्ध कराने की तैयारी हो रही है। इसके लिए पुस्तकालय में नई किताबों के साथ ही जिले में कार्यरत अधिकारियों की ओर से दान दी गई किताबों को जगह दी जाएगी।
इसके साथ हिंदी और अंग्रेजी विषय के अखबार व तैयारी के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। कई पत्रिकाओं को भी नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाएगा। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि नए सत्र में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए अभी से स्कूलों से बात की जा रही है। जिससे किसी का कैरियर आर्थिक विपन्नता की वजह से प्रभावित न होने पाए।