अमेठी सिटी। भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के गाईमऊ स्थित नाले के पास रविवार को एक नवजात शिशु के रोने की आवाज सुनकर लोग एकत्र हो गए। झाड़ियों के पास लावारिस नवजात को पड़ा देख लोगाें ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिशु को अस्पताल पहुंचाया।
अमेठी में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना रविवार को दोपहर सामने आई। नाले के किनारे झाड़ियों में नवजात बच्चा मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीण हंसराज ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने नवजात के माता-पिता की तलाश की। लेकिन पता नहीं चला तो उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले की सूचना चाइल्ड लाइन टीम को दी है। एसओ तरुण पाल ने बताया कि चाइल्ड लाइन टीम संग फोर्स मौके पर पहुंची। नवजात के माता-पिता की तलाश की जा रही है। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि नवजात पूरी तरह स्वस्थ है।
चाइल्ड लाइन टीम प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव, काउंसलर सत्यम मिश्रा, रुचि सिंह, प्रियंका पाल, देवी सिंह, रोशनलाल जिला अस्पताल में सिपाही विवेक कुमार संग मौजूद रहकर निगरानी कर रहे हैं। प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि नवजात के स्वस्थ होने के बाद बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश कर लखनऊ स्थित शिशु घर में रखा जाएगा। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।