जगदीशपुर (अमेठी)। निहालपुर निवासी जहीर (32) पर रविवार रात गांव के ही अलाउद्दीन ने बांके से हमला कर दिया। जहीर के बहनोई के साथ अलाउद्दीन ने गाली -गलौज की थी जिसको लेकर वह उलाहने देने गया था तभी ये वारदात हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मैनपुरी जिले के शंकरपुर गांव निवासी राजू कुछ दिन पहले निहालपुर अपने साले जहीर के घर आया था। जहीर के पिता जान मोहम्मद के मुताबिक रविवार शाम उनके दामाद राजू की गांव के अलाउद्दीन से किसी बात पर कहासुनी हो गई। इस दौरान अलाउद्दीन ने राजू को गाली दी। राजू ने घर आकर ये बात बताई। रात में उनका बेटा जहीर शिकायत करने अलाउद्दीन के पास पहुंचा, जो गांव में ही अनस के प्लॉट पर मौजूद था। वहां पहले दोनों के बीच बहस हुई और फिर अलाउद्दीन ने बांके से जहीर के सिर, गर्दन और पीठ पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
गांव वालों से जानकारी मिलने पर घायल जहीर को ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया। थाना प्रभारी राघवेंद्र यादव ने बताया कि घायल के पिता जान मोहम्मद की तहरीर पर अलाउद्दीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सोमवार सुबह सिधियावां बस स्टॉप के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने हमला करने की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त बांका बरामद कर लिया गया।