अमेठी के मुंशीगंज रोड स्थित आवास पर बेहाल मृतक अनुज की दादी व अन्य महिलाएं। संवाद
-अमेठी। एनडीए की लिखित परीक्षा पास कर इंटरव्यू की तैयारी कर रहे अनुज जायसवाल (18) ने बृहस्पतिवार सुबह मुंशीगंज रोड स्थित अपने घर पर फंदे से लटककर जान दे दी। वे रात में दादा-दादी के साथ लेटा था, लेकिन सुबह दूसरे कमरे में उसका शव रस्सी के फंदे से लटका मिला। शव के पास दो पन्ने का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अनुज ने सुसाइड नोट में शुरुआती तीन शब्द... साॅरी, मम्मी-पापा लिखे थे।
परिजनों के मुताबिक अनुज देहरादून में रहकर एनडीए की तैयारी कर रहे थे और एक दिन पहले अपने घर आए थे। 17 जुलाई को इंटरव्यू होना था। बृहस्पतिवार सुबह जब उनका कमरा नहीं खुला तो दादा राम अभिलाष और दादी निर्मला ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो दोनों ने मिलकर कमरे में लगा दरवाजा तोड़ दिया। अंदर देखा तो कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे अनुज का शव लटक रहा था। पास ही दो पन्ने का सुसाइड नोट मिला है, लेकिन उसमें आत्महत्या का कारण नहीं लिखा गया है।
दादा ने बताया कि अनुज देर रात तक मोबाइल पर बात करता था। वह पढ़ाई को लेकर परेशान था, लेकिन किसी से खुलकर कुछ नहीं कहता था। अनुज के पिता जयप्रकाश जायसवाल असम में सीआरपीएफ में तैनात हैं। अनुज की मां अर्चना छोटे बेटे आयुष के साथ प्रयागराज में रहती हैं। सीओ मनोज मिश्र ने बताया कि जांच के लिए फाेरेंसिंक टीम को भी बुलाया गया।
इंटरव्यू की चल रही थी तैयारी
अनुज ने दो साल पहले सैनिक स्कूल प्रयागराज से 10वीं पास की थी और एनडीए की तैयारी करने देहरादून चला गया था। मई में एनडीए की लिखित परीक्षा में सफलता हासिल की। 17 जुलाई को उनका इंटरव्यू होना था। इंटरव्यू से पहले वह कुछ दिन के लिए अपने दादा-दादी के पास आया था। परिवार वाले खुश थे और उनको उससे बड़ी उम्मीदें थीं।