बाजारशुकुल (अमेठी)। शिवरतन पुरवा गांव के पास सोमवार को गोमती नदी में मछली पकड़ने गया युवक डूब गया। पुलिस गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कर रही थी। मंगलवार को उरेरमऊ घाट पर उसका शव उतराता मिला। बाजारशुकुल थाना क्षेत्र के पूरे दुधौरन मजरे खेममऊ गांव का श्रीनाथ (38) सोमवार की दोपहर घर से मछली पकड़ने के लिए शिवरतन पुरवा गांव के गोमती नदी के घाट पर गया था। मछली पकड़ने के दौरान वह गोमती नदी में डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने गुहार लगाते हुए उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का तेज बहाव होने से सफल नहीं हुए। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में श्रीनाथ की तलाश शुरू की। पानी का बहाव तेज होने व थोड़ी देर बाद अंधेरा होने से रात में जाल नहीं डाला जा सका। मंगलवार की सुबह पुलिस ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस गोताखोरों की मदद से तलाश कर रही थी। तभी घटनास्थल से तीन किमी दूर उरेरमऊ घाट पर गोमती नदी के पुल के नीचे एक शव उतराता मिला। परिजनों ने शव की पहचान श्रीनाथ के रूप में की। थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
श्रीनाथ परिवार का मुखिया होने के साथ ही दिहाड़ी मजदूरी कर बच्चों को पढ़ाने के साथ परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। श्रीनाथ की असामयिक मौत से पत्नी रंजना बेसुध पड़ी है। बेटे शिव, बौआ व बेटी शिवानी का रोकर बुरा हाल है।