अमेठी सिटी। अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत जिले के 189 पीड़ितों का 1.6 करोड़ रुपये बकाया है। समाज कल्याण विभाग का कहना है कि शासन से धनराशि की मांग की गई है।
अपराध से पीड़ित लोगों को शासन की ओर से सहायता राशि दी जाती है। जिसे समाज कल्याण विभाग की ओर से पीड़ितों को दिया जाता है। आए दिन अनुसूचित जाति-जनजाति के पीड़ित समाज कल्याण विभाग पहुंच रहे हैं। वह मिलने वाली धनराशि के संबंध में जानकारी ले रहे हैं। विभाग की ओर से कहा जा रहा है कि धन आवंटन होने के बाद ही धनराशि दी जाएगी। 50 से अधिक मामले ऐसे हैं, जिसमें प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पीड़ित ने समझौता कर लिया। सिर्फ पहली किस्त का भुगतान शासन की ओर से किया गया है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि तीन माह से धनराशि नहीं मिली है। इसके लिए शासन से धनराशि की मांग की गई है। धनराशि मिलने के बाद उसे पीड़ितों को उपलब्ध कराया जाएगा।