जगदीशपुर (अमेठी)। क्षेत्र से गुजरे लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर शुक्रवार देर रात पैदल घर जा रहे भाले सुल्तान शहीद स्मारक के टांडा वारिसगंज निवासी गोवर्धन सरोज (40) की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। इसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सोनू ने बताया कि उनके पिता गोवर्धन सरोज शुक्रवार रात निमंत्रण से लौटने के बाद शाम को पैदल वारिसगंज बाजार से घर जा रहे थे। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पिता को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाते हुए उन्हें मामले की सूचना दी। इसके बाद परिजनों संग अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर धीरेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि अभी परिजनों को ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। गोवर्धन की मौत के बाद बेटे सोनू, मोनू, शानू और बेटी सोनी का हाल बेहाल है।