अमेठी सिटी। गौरीगंज के एक गांव में घर में बुधवार देर शाम पड़ोसी गांव का युवक कूद गया। शोर शराबा होने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया, लेकिन कुछ देर बाद युवक के छह साथी पहुंचे और धमकी देकर उसे छुड़ा ले गए। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते गांव में तनाव की स्थिति है। शांति व्यवस्था के लिए पुलिस व पीएसी लगाई गई है।
गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि उनके भाई ने गांव के किनारे नया मकान बनवाकर परिवार संग रहना शुरू किया है। बुधवार को भाई और भाभी दर्शन के लिए बाहर गए थे। घर पर भतीजी और बुजुर्ग माता-पिता थे। आरोप है कि देर शाम पड़ोसी गांव का वसीम खान डकैती, हत्या और दुष्कर्म की नीयत से घर में कूद गया।
उसकी हरकत देखकर मां ने शोर मचाया। आवाज सुनकर दो युवक पहुंचे और वसीम को पकड़ लिया। बताया गया कि जब वसीम को पकड़ा गया, तब उसके हाथ में पिस्टल थी। इसी बीच वसीम के साथी नौशाद, इकबाल, शाहरुख, मुंशीरजा, दीपक व कसान पहुंचे और ग्रामीणों को धमकाते हुए उसे साथ लेकर भाग निकले।
इंस्पेक्टर श्याम नारायण ने बताया कि मामले में केस दर्ज किया गया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।