संग्रामपुर (अमेठी)। रंजिश में एक युवक पर गांव के छह लोगों ने कुल्हाड़ी और बांके से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचीं उनकी मां कलावती और भाई लल्लू यादव पर भी वार कर दिया गया। घायल कल्लू की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कलावती और लल्लू का उपचार जारी है।
मृतक के भाई लल्लू यादव ने तहरीर में बताया कि उनका भाई कल्लू उर्फ कालूराम (45) शनिवार देर शाम बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में मातादीन, अमर बहादुर, सुरेंद्र, जितेंद्र, विक्रम और रितिन ने बाइक की चाबी निकालकर कुल्हाड़ी और बांके से हमला कर दिया। बीचबचाव करने पहुंचीं मां और उनको भी मारपीट में चोटें आईं।
ग्रामीणों ने पुलिस व एंबुलेंस को सूचना देते हुए सभी सीएचसी संग्रामपुर पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर कल्लू को जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर छह लोगों के केस दर्ज किया गया है। अमर बहादुर, सुरेंद्र और मातादीन को हिरासत में लिया गया है, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
दूसरे पक्ष के भी लोग घायल
मारपीट में विपक्ष के अमर बहादुर, सुरेंद्र और उनके माता-पिता को भी चोटें आई हैं। अमर बहादुर और सुरेंद्र का इलाज रायबरेली एम्स में चल रहा है। इस पक्ष से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
छह माह पहले भी हुआ था विवाद
कल्लू और विपक्षी पक्ष के सुरेंद्र यादव के बीच छह माह पहले भी विवाद हुआ था। तब कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। दोनों ने थाने में शिकायत दी थी। तब पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई की थी।