सेमरौता के बाबा उजियारनाथ मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्धालु।-संवाद
अमेठी सिटी। सावन माह के आखिरी दिन शिवालयों में शिवभक्तों का हुजूम उमड़ा। हर हर बम बम के जयकारों से दिनभर शिवालय गूंजते रहे। जलाभिषेक करने के लिए कतार में लगे श्रद्धालुओं की टोली उत्साह में दिखी। मंदिर परिसर के साथ ही आवास पर श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक किया। रविवार की सुबह भी मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए भक्ताें की भीड़ दिखी।
सिंहपुर के बाबा दतहरेश्वर धाम, रत्नेश्वर धाम, बाबा घुइसरनाथ, आनंदेश्वर महादेव, बाबा उजियारनाथ महादेव में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। बाबा उजियारनाथ धाम और बाबा दतहरेश्वर धाम में सावन माह के आखिरी दिन रुद्राभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। फुरसतगंज के बाबा तपेश्वरनाथ धाम, गौरीगंज के राघीपुर स्थित महामृत्युंजय धाम, अमेठी के ताला महादेवन स्थित बाबा मुकुटनाथ महादेवन धाम में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर विशेष पूजा की।
जामों के श्रीशंकर बूढ़े मंदिर, भादर के दुर्गापुर स्थित शिवमंदिर, शाहगढ़, बाजार शुकुल और जगदीशपुर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। संग्रामपुर के कालिकन धाम शिव मंदिर, प्राचीन गणेश देवतन मंदिर में पीठाधीश्वर श्रीमहाराज की देखरेख में शिवभक्तों ने रुद्राभिषेक किया। सहजीपुर के दुखभंजननाथ धाम मंदिर में पुजारी सुनील ओझा शास्त्री ने रुद्राभिषेक कराया। कालिकन धाम के पीठाधीश्वर श्रीमहाराज ने बताया कि रविवार सुबह भी श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंची।