फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: वैष्णो देवी के लिए अमेठी होकर चलेगी विशेष ट्रेन

Tue, 22 Sep 2026 01:20 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
गौरीगंज स्टेशन पर आर​क्षित काउंटर पर टिकट बुकिंग कराते लोग। संवाद
विज्ञापन
अमेठी सिटी। नवरात्र में वैष्णो देवी जाने वाले जिले के यात्रियों को राहत मिलेगी। अर्चना एक्सप्रेस में सीटें फुल और प्रतीक्षा सूची लंबी होने के बीच रेलवे ने कटरा-वाराणसी के बीच त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। अमेठी होकर चलने वाली ट्रेन से जिले के बड़ी संख्या में यात्रियों को कन्फर्म सीट के साथ अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। ट्रेन चार अक्तूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को कटरा से वाराणसी के लिए चलेगी।
विज्ञापन


नवरात्र में जिले के साथ आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा जाते हैं। अर्चना एक्सप्रेस में सीटों की मांग बढ़ने से कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। विशेष ट्रेन से यात्री पहले आरक्षण कराकर यात्रा तय कर सकेंगे। कटरा से ट्रेन शाम 6:15 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 6:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी।

वापसी में वाराणसी से छह अक्तूबर से एक दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को ट्रेन कटरा के लिए चलेगी। कटरा से वाराणसी के बीच ट्रेन के कुल नौ फेरे होंगे। आरक्षित सीटों की बुकिंग शुरू है। गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर सोमवार को मिले यात्री धर्मेंद्र शुक्ला ने कहा कि नवरात्र में कटरा जाने वालों की संख्या बढ़ने से टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। विशेष ट्रेन से यात्रियों को कन्फर्म टिकट का विकल्प मिलेगा।
विज्ञापन


मीना सिंह ने कहा कि परिवार के साथ यात्रा करने वालों के लिए आरक्षित सीट मिलने से सुविधा होगी। कल्पना पांडेय ने कहा कि त्योहार में भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त ट्रेन उपयोगी रहेगी।

उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इससे यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। ट्रेन में आरक्षित सीटों की बुकिंग शुरू है।


इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
ट्रेन शहीद कैप्टन तुषार महाजन, जम्मूतवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, आलमनगर, रायबरेली और मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ में रुकेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें