बाजारशुकुल। भीषण गर्मी के बीच सोमवार रात एक बजे महोना से कठौरा 33 केवीए लाइन का जंपर कट जाने से एक लाख से अधिक लोगों को रातभर बिजली संकट का सामना करना पड़ा। मंगलवार सुबह 11.30 बजे तक भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी, जिससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली।
ग्रामीणों के अनुसार शाम को निर्धारित रोस्टिंग के बाद बिजली आपूर्ति शुरू तो हुई, लेकिन थोड़ी-थोड़ी देर में लगातार ट्रिपिंग होती रही। कस्बा निवासी सोनू शर्मा ने बताया कि रात में करीब आठ बार बिजली आई और गई। इससे पूरी रात परिवार के साथ जागना पड़ा। छोटे बच्चे गर्मी से परेशान हो गए।
राकेश पाल ने बताया कि कई बार आपूर्ति आने की उम्मीद जगी, लेकिन हर बार कुछ ही मिनटों में बिजली गुल हो गई। इससे इनवर्टर भी जवाब दे गए और लोगों को अंधेरे में रात बितानी पड़ी। बिजली संकट से मोटर बंद रहने से पेयजल संकट भी खड़ा हो गया। कई घरों में बुजुर्ग और बीमार लोग रातभर गर्मी से परेशान रहे। सूचना मिलते ही विभागीय कर्मचारी मरम्मत कार्य में जुट गए, लेकिन देर रात तक समस्या दूर नहीं हो सकी।
अवर अभियंता सद्दाम हुसैन ने बताया कि महोना के कर्मचारियों के साथ मिलकर लाइन मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। देर शाम तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।