राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जायस। संवाद
अमेठी सिटी। जायस के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं को जर्जर भवन से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। विद्यालय में नए बहुमंजिला भवन के निर्माण के लिए 6.57 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद कार्यदायी संस्था का चयन कर निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नई इमारत में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
वर्ष 1974 में स्थापित इस विद्यालय में 545 छात्राएं पंजीकृत हैं। यहां आठ कमरे जर्जर बताए गए हैं। ऐसे में नए भवन की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। प्रस्तावित भवन में शिक्षण कक्षों के साथ विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय और स्मार्ट क्लास की सुविधा विकसित करने की योजना है। इससे छात्राओं को प्रायोगिक पढ़ाई और आधुनिक शिक्षण सामग्री के माध्यम से विषयों को समझने में मदद मिलेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी ने बताया कि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जायस के नए भवन के निर्माण के लिए 6.57 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद कार्यदायी संस्था का चयन कर निर्माण कराया जाएगा।
पढ़ाई के साथ दूसरी सुविधाओं पर भी जोर
प्रस्तावित भवन में स्टाफ रूम, प्रधानाचार्य कक्ष, प्रसाधन भवन और पेयजल व्यवस्था भी शामिल है। इसके अलावा चारदीवारी, वर्षा जल संचयन, बहुउद्देश्यीय हॉल, खेल मैदान, साइकिल स्टैंड और सौर ऊर्जा संयंत्र बनाने की योजना है। बहुउद्देश्यीय हॉल में विद्यालय के शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। खेल मैदान से छात्राओं को खेल गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। वहीं पेयजल और प्रसाधन की बेहतर व्यवस्था से रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में सहूलियत होगी।
निर्माण के दौरान दूसरी जगह चलेंगी कक्षाएं
भवन निर्माण के दौरान छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए कक्षाएं अस्थायी रूप से नजदीकी दूसरे विद्यालय में संचालित कराने की तैयारी है। इससे निर्माण अवधि में भी शिक्षण कार्य जारी रखने में मदद मिलेगी।