हादसे में जान गंवाने वाला मासूम दिव्यांश।
- फोटो : हादसे में जान गंवाने वाला मासूम दिव्यांश।
बाजारशुकुल। इंदरिया गांव में बुधवार सुबह जगजीवन विश्वकर्मा का तीन वर्षीय बेटा दिव्यांश कच्ची दीवार के मलबे में दबकर घायल हो गया। सीएचसी पहुंचने से पहले मासूम की मौत हो गई। दिव्यांश का शव घर पहुंचा तो परिजन बेहाल हो उठे।
जगजीवन के मुताबिक, बुधवार को पितृपक्ष में श्राद्धकर्म की तैयारी चल रही थी। वह बाहर किसी काम से गए थे और पत्नी रामकुमारी रसोई में व्यस्त थी। उनका बेटा दिव्यांश घर के पास खेल रहा था। इस बीच लगातार हो रही बारिश से भीगी मकान की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दिव्यांश दब गया। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर बच्चे को बाहर निकाला और सीएचसी लेकर गए, जहां चिकित्सक ने दिव्यांश को मृत घोषित कर दिया। एसओ अभिनेष कुमार ने बताया कि राजस्व विभाग को सूचना दे दी गई है।
बेटे की मौत से बेसुध मां
दिव्यांश की मौत की खबर मिलते ही मां रामकुमारी रो-रोकर बेसुध हो गईं। बहन शिवांश, ज्योति और भाई अयांश भी गमगीन हैं। पिता जगजीवन को आस पड़ोस के लोग संभाल रहे थे। मासूम की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया है।
मिलेगी आर्थिक सहायता
एसडीएम अभिनव कनौजिया ने बताया कि घटना की रिपोर्ट लेखपाल वीरेंद्र प्रजापति से मांगी गई है। जांच पूरी होने पर पीड़ित परिवार को नियम के अनुसार आर्थिक मदद दी जाएगी।