सिंहपुर के मां अहोरवा भवानीधाम स्टेशन पर जुटे कांवड़िया।-संवाद
सिंहपुर (अमेठी)। तिलोई व सिंहपुर क्षेत्र से एक हजार से अधिक कांवड़ियों का जत्था बृहस्पतिवार को झारखंड स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर के लिए जयकारा लगाते हुए रवाना हुआ। प्रदेश सरकार के चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कांवड़ियों को विदा किया।
कांवड़ियों का जत्था आदि शक्तिपीठ मां अहोरवा देवी मंदिर में दर्शन के बाद सुबह बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। जिला पंचायत सदस्य कौशलेंद्र सिंह की तरफ से राज्यमंत्री ने कांवड़ियों को अंगवस्त्र दिए। मंदिर के निकट स्थित मां फाउंडेशन की ओर से कावंड़ियों के लिए लगे लंगर में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। अहोरवा भवानी चौराहे से गाजे-बाजे के साथ कावंड़ियों की यात्रा इन्हौना स्थित मां अहोरवा भवानी धाम रेलवे स्टेशन पहुंची। समाजसेवी श्रीश गुप्ता के आवास पर कांवड़ियों को भोजन कराया गया।
फरक्का एक्सप्रेस से कांवड़िये रवाना हुए। बताया गया कि कांवड़ियों का जत्था बिहार के सुल्तानगंज स्थित गंगा घाट से जल लेकर तीन से चार दिन की पदयात्रा कर कजरी तीज को झारखंड स्थित देवघर के बाबा बैद्यनाथ में जलाभिषेक करेगा। इस अवसर पर प्रमुख प्रतिनिधि तिलोई मुन्ना सिंह, सीओ तिलोई दिनेश मिश्र, थानाध्यक्ष शिवरतनगंज विवेक सिंह और इन्हौंना के प्रदीप सिंह, सुरेंद्र बहादुर सिंह, आशीष मिश्र, राजेश पांडेय, पन्ना सिंह, तेज नारायण मिश्र, बच्चूलाल यादव, शिव कुमार सिंह, जयकांत, रामबरन, चंद्रिका सिंह आदि मौजूद रहे।