भादर। प्रयागराज-अयोध्या रेल मार्ग पर पीपरपुर नरवहनपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह स्पेशल ट्रेन की चपेट में आने से स्थानीय गांव निवासी मूकबधिर नीतू यादव (21) की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका के पिता हौसिला के अनुसार नीतू मूकबधिर थी। सुबह वह घर से खेती के काम के लिए निकली थी। खेत तक पहुंचने के लिए गांव के पास से गुजरे प्रयागराज-अयोध्या रेल ट्रैक को पार करना पड़ता है। ट्रैक पार करते समय नीतू स्पेशल ट्रेन की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता काफी कम थी। मूकबधिर होने के कारण नीतू ट्रेन की आवाज नहीं सुन सकी। थाना प्रभारी श्रीराम पांडेय ने बताया कि युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
नीतू की मौत से उसके भाई विश्वजीत, इंद्रजीत और मस्तराम का रो-रोकर बुरा हाल है। मां के निधन के बाद नीतू ही तीनों भाइयों की देखभाल करती थी। इकलौती बहन को खोने के बाद परिवार गहरे सदमे में है। पिता हौसिला शोक में डूबे हैं। रिश्तेदार और ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।