अमेठी सिटी। जिले की छोटी नदियों पर चेकडैम बनाकर किसानों को सिंचाई की सुविधा देने की योजना है। इससे न केवल किसानों को फायदा होगा, बल्कि भूमिगत वाटर रिचार्ज भी होगा। भादर ब्लॉक की गाजीपुर ग्राम पंचायत के पास लघु सिंचाई विभाग की ओर से मालती नदी में चेकडैम बनाने का कार्य प्रस्तावित है।
लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता मो. जुबैर ने बताया कि चेकडैम का निर्माण 42.74 लाख रुपये से होगा। इससे बारिश का पानी बेकार में बहने के बजाय लोगों के काम आएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। कार्य स्वीकृत होने के बाद निर्माण शुरू होगा। चेकडैम बनाने से नदी का पानी रोककर भूमिगत जल को रिचार्ज करने में मदद मिलेगी। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा और जल संकट भी कम होगा। कहा कि इस योजना से जिले के किसानों को काफी फायदा होगा और क्षेत्र की स्थिति भी सुधरेगी।