अमेठी। प्रकाश गैस एजेंसी पर कार्रवाई के बाद उपभोक्ताओं के कनेक्शन दूसरी एजेंसियों में ट्रांसफर तो कर दिए गए, मगर अब यही व्यवस्था लोगों की परेशानी का कारण बन गई है। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के कनेक्शन पास की एजेंसियों में भेजने की बजाय दूर स्थित शाहगढ़ एजेंसी से जोड़ दिए गए हैं।
इससे अब लोगों को गैस सिलिंडर लेने और परची कटवाने के लिए करीब 30 किलोमीटर तक का सफर तय करना पड़ता है। इससे लोगों में नाराजगी है। संग्रामपुर ब्लॉक के उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके कनेक्शन संग्रामपुर, टीकरमाफी, बारामासी या मुंशीगंज जैसी नजदीकी एजेंसियों में ट्रांसफर किए जा सकते थे, मगर उन्हें शाहगढ़ भेज दिया गया।
इससे समय और किराए का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। शहर के भी कई उपभोक्ता इस फैसले से नाराज हैं। उपभोक्ता गिरिजेश त्रिपाठी ने बताया कि अब गैस लेने के लिए पूरा दिन लग जाएगा।।
कुंदन मिश्र ने कहा कि पास की एजेंसी में कनेक्शन जुड़ जाता तो लोगों को राहत मिलती। एके त्रिपाठी ने बताया कि नजदीकी एजेंसियां उपलब्ध होने के बावजूद दूर की एजेंसी से जोड़ना समझ से परे है। आलोक पांडेय ने कहा कि अब एक सिलिंडर लेना भी मुश्किल काम बन गया है।
पूर्ति निरीक्षक शुभम ने बताया कि कंपनी स्तर से कनेक्शन ट्रांसफर किए गए हैं। जिन उपभोक्ताओं का कनेक्शन दूर चला गया है, वे आवेदन देकर नजदीकी एजेंसी में दोबारा ट्रांसफर करा सकते हैं।