अमेठी सिटी। जिले की राजकीय गोदामों में इस समय 906 क्विंटल धान के बीज उपलब्ध हैं। धान का बीज खरीदने पर किसानों को तुरंत अनुदान दिया जा रहा है। जिले में पांच प्रजाति के धान का बीज उपलब्ध है।
धान की नर्सरी डालने का सीजन चल रहा है। जिले को मिले 1100 क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष इस समय राजकीय गोदामों में 906 क्विंटल धान बीज आ गया है। किसानों को इस बार धान बीज खरीदते समय ही तत्काल अनुदान दे दिया जा रहा है। पहले बीज खरीदने पर किसानों को पूरा मूल्य जमा करना पड़ता था, बाद में सब्सिडी का पैसा उनके खाते में भेजा जाता था। अब सरकार ने इस व्यवस्था को खत्म कर दिया है। बीज खरीदने पर किसानों को तुरंत सब्सिडी एट सोर्स का लाभ मिलेगा। बीज खरीदते समय आधार कार्ड लाना होगा। बीज खरीदने के लिए किसान का उत्तर प्रदेश किसान पारदर्शी पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है।
राजकीय गोदामों से सफेद टैग लगा फाउंडेशन धान बीज आया है, जिसमें सांभा मंसूरी, छोटी मंसूरी और सीयाट-4, पंत 24, सीओ 51 धान बीज की प्रजाति आई है। सांभा मंसूरी और छोटी मंसूरी पर 13 रुपये प्रति किलो के हिसाब से अनुदान तो सीयाट-4, पंत 24, सीओ 51 धान बीज पर 50 फीसदी अनुदान दिया जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार यादव ने बताया कि जिले में खरीफ के लिए धान का बीज गोदामों में उपलब्ध है, जिसका वितरण कराया जा रहा है। सरकार की तरफ से सब्सिडी दी जा रही है।