तिलोई क्षेत्र में बिजली के खंभे को हटाते विभाग के कर्मचारी। -स्रेात : ग्रमीण
जगदीशपुर (अमेठी)। तेज आंधी और बारिश ने रविवार को पूरे जिले में भारी तबाही मचाई। जगदीशपुर, तिलोई और अमेठी तहसील क्षेत्रों में 86 से अधिक बिजली के पोल गिर गए जिससे कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सोमवार को भी उपभोक्ताओं को बिजली और पानी के लिए पर्शान होना पड़ा। इतना ही नहीं, टूटकर जमीन पर गिरे तार की चपेट में आकर युवक झुलस गया।
तेज हवा से जगदीशपुर क्षेत्र में 32, तिलोई में 25 और अमेठी में 29 खंभे टूटकर गिर पड़े। तारों के क्षतिग्रस्त होने से गांवों में अंधेरा छा गया। बिजली आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद हो गए और मोबाइल चार्जिंग के लिए कस्बों की दौड़ लगानी पड़ी।
कई गांवों में पानी की भारी किल्लत रही। जगदीशपुर के मऊ गांव में जमीन पर टूटकर गिरे तार की चपेट में आकर अखिलेश प्रजापति (23) झुलस गए, उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।