जिला अस्पताल में मरीजों का इलाज करते चिकित्सक डॉ. अमित यादव। -संवाद
अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में सोमवार सुबह ओपीडी, पैथोलॉजी हो या परचा काउंटर, हर जगह लंबी लाइन लगी दिखी। एक फिजिशियन के अवकाश पर रहने के चलते दूसरे चिकित्सक के यहां मरीजों की भीड़ लगी रही। ओपीडी में 1500 से अधिक मरीजों ने उपचार कराया, जिनमें से 821 जुकाम, बुखार व खांसी से पीड़ित मिले।
उमस के बीच लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल में 1043 नए मरीजों ने पंजीकरण कराया तो वहीं करीब 500 मरीज पुराने परचे के रहे। भीड़ अधिक होने से इलाज के लिए मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। अस्पताल में तैनात फिजिशियन डॉ. शुभम पांडेय सोमवार को आकस्मिक अवकाश पर रहे। इसके कारण फिजिशियन डॉ. अमित यादव की ओपीडी में सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक मरीजों की भीड़ रही। डॉ. अमित ने 210 मरीजों का इलाज किया।
गौरीगंज से आए मरीज कप्तान ने बताया कि कई दिनों से बुखार आ रहा है। परचा बनवाने में आधा घंटे लग गया। भीड़ अधिक होने के कारण एक घंटे बाद चिकित्सक ने उपचार किया। मरीज नीलम ने बताया कि महिला रोग विशेषज्ञ को दिखाना था। परचा बनवाने और चिकित्सक को दिखाने में एक घंटे से ज्यादा का समय लग गया। सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ रही। सभी मरीजों की जांच के साथ उनका इलाज हुआ। भीड़ ज्यादा होने पर ओपीडी का समय बढ़ा दिया जाता है।