अमेठी। जिले के बुजुर्गों के लिए अच्छी खबर है। अब 85 साल से अधिक उम्र के 8128 वोटरों को मतदान के लिए उनके घर पर ही सुविधा मिलेगा। जिले की चार विधानसभाओं में 223 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी उम्र 100 वर्ष से अधिक है। इसको लेकर अफसरों ने कवायद शुरू कर दी है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम अर्पित गुप्ता ने बताया कि चुनाव आयोग ने बुजुर्ग मतदाताओं के लिए नया आदेश जारी किया है। 85 वर्ष आयु वर्ग से ऊपर के मतदाताओं को मतदान के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अपनी मर्जी के मुताबिक वह पोस्टल बैलेट के माध्यम से अपने घर पर ही मतदान करने के लिए निर्धारित फार्म-12डी में आवेदन कर सकते हैं। इस आवेदन के बाद उन्हें घर पर ही मतदान की अनुमति मिल जाएगी।
एडीएम ने बताया कि आचार संहिता लागू होने के पांच दिन में संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बीएलओ घर-घर जाकर 85 साल उम्र से ऊपर के मतदाताओं को फार्म-12डी उपलब्ध कराएंगे, और फार्म भरा कर ले लेंगे। फार्म में मतदाता की इच्छा जानी जाएगी कि वह घर पर ही मतदान करना चाहता है अथवा मतदान केंद्र पर जाकर वोट डालने की मंशा रखता है। यदि बुजुर्ग मतदाता मतदान केंद्र पर जाकर वोट डालने की इच्छा जताता है तो उसे पोलिंग बूथ तक लाने-ले जाने की भी व्यवस्था की जाएगी।
इसके अलावा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.eci.gov.in के होम पेज पर MENU के तहत candidate nomination and other forms के लिंक पर उक्त फार्म डाउनलोड कर भरा जा सकता है। फार्म भरकर संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफीसर के कार्यालय में जमा कराया जा सकता है।
तहसीलवार बुजुर्ग मतदाताओं की संख्या
तहसील 85 वर्ष से अधिक 100 वर्ष से अधिक
तिलोई 1873 52
जगदीशपुर 2576 110
गौरीगंज 1973 30
अमेठी 1483 41
कुल 7905 223