अमेठी सिटी। अलग-अलग ब्लॉक के 75 परिषदीय विद्यालयों में दिव्यांग छात्रों की सुविधा के लिए विशेष प्रसाधन निर्माण की योजना तैयार की गई है। इसके लिए स्कूल परिसर में भूमि चिह्नित कर बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। प्रस्ताव स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
जिले में संचालित 1570 परिषदीय स्कूलों में वर्तमान शैक्षिक सत्र में 1.42 लाख छात्र अलग-अलग कक्षाओं में पंजीकृत है। 1925 छात्र अलग-स्कूलों में पंजीकृत हैं। दिव्यांग बालक व बालिकाओं को विद्यालयों में अध्ययन के दौरान मूलभूत सुविधाएं मिल सकें, इसके लिए स्कूलों में दिव्यांग प्रसाधन निर्माण की योजना बनाई गई है। पहले चरण में 75 स्कूल का चयन हुआ है।
प्रत्येक चिह्नित विद्यालय में पृथक प्रसाधन का निर्माण कराया जाएगा, जिससे दिव्यांग विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। प्रसाधन निर्माण के लिए स्थानीय दर पर अनुमानित आगणन तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजते हुए धन की मांग की गई है। धन मिलने के बाद मानक के अनुसार चिह्नित भूमि पर प्रसाधन निर्माण कार्य पूरा करवाते हुए बच्चों को सुविधा दी जाएगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि दिव्यांग विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जिले के 75 परिषदीय विद्यालयों में विशेष प्रसाधन निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जैसे ही धनराशि स्वीकृत होगी, निर्माण कार्य आरंभ कराया जाएगा।