गौरीगंज (अमेठी)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अदेयता प्रमाण पत्र की बाध्यता समाप्त करने के बाद प्रशासन बकाएदारों को चिन्हित करने में जुटा है।
जिला पंचायत ने विभिन्न देयकों के 732 बकाएदारों की सूची सार्वजनिक करते हुए बकाया राशि जमा कर रसीद प्राप्त करने को कहा है। बकाएदारों की सूची पोर्टल पर अपलोड करने के साथ आरओ व एआरओ को भेजी जा रही है। आरओ व एआरओ को बकाएदारों का पर्चा खारिज करने का निर्देश दिया गया है।
जिले में 13 व 15 अप्रैल को प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उससे पहले उन्हें जरूरी प्रकिया निर्धारित होने के बाद संभावित प्रत्याशियों को ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत से अदेयता प्रमाण पत्र लेने में हो रही परेशानी व वसूली को रोकने के लिए शासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है।
रविवार को ग्राम पंचायत व क्षेत्र पंचायत के तीन बकाएदारों की सूची सार्वजनिक करने के बाद सोमवार को जिला पंचायत के बकाएदारों की सूची सार्वजनिक की गई है।
जारी सूची में जिला पंचायत की ओर से निर्धारित कर के देयकों में बाजार शुकुल में 44, जामो में 35, तिलोई में 68, जगदीशपुर में 33, भादर में 47, संग्रामपुर में 45, अमेठी में 48, मुसाफिरखाना तथा भेटुआ में 42 तो टैक्सी स्टैंड मद में 21 लोग, तहबाजारी में 19, दुकान किराया मद में भादर में छह, गौरीगंज में 29, मुसाफिरखाना में 13, अमेठी में 10 तथा जगदीशपुर में 29 लोग बकाएदार हैं।
इसी तरह हड्डी व चमड़ा आवंटन में बहादुरपुर में 60, सिंहपुर में 64, गौरीगंज में 21 व शाहगढ़ में 29 तथा अन्य देयकों में सिंहपुर में सात, तिलोई व गौरीगंज में पांच-पांच, जामो व भेट़ुआ में चार-चार, शाहगढ़ व मुसाफिरखाना में दो-दो, अमेठी में तीन तथा संग्रामपुर में एक लोग बकाएदार हैं।
जिला पंचायत की ओर से सूची जारी किए जाने बाद एडीएम सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि बकाएदार राशि जमा कर रसीद प्राप्त कर सकते हैं। बकाएदार के अतिरिक्त अन्य चुनाव संभावित प्रत्याशियों को अदेयता प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। बकाएदार होने पर नामांकन खारिज कर दिया जाएगा। एडीएम ने बताया कि बकाएदारों की सूची ब्लॉक, डीपीआरओ कार्यालय, कलेक्ट्रेट के साथ पोर्टल पर अपलोड है।
अब तक बिके 12,339 नामांकन पत्र
गौरीगंज। नामांकन पत्रों की बिक्री का सोमवार को सातवां दिन था। सातवें दिन ग्राम पंचायत सदस्य के 927, ग्राम प्रधान के 1,076, बीडीसी के 942 व डीडीसी के 109 नामांकन पत्र बिके। एडीएम सुशील प्रताप सिंह ने अब तक ग्राम पंचायत सदस्य के 3,058, ग्राम प्रधान के 4,958, बीडीसी के 3,983 व डीडीसी के 340 पर्चे दावेदारों द्वारा खरीदे गए हैं। एडीएम ने बताया कि नामांकन पत्रों की खरीद में किसी को कोई दिक्कत हो तो वह फोन कर संपर्क कर सकता है।
हटवाई गईं होर्डिंग्स
अमेठी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आदर्श आचार संहिता का अनुपालन कराया जा रहा है। सोमवार को एसडीएम महात्मा सिंह के नेतृत्व में संग्रामपुर ब्लॉक मुख्यालय के आसपास लगी होर्डिंग्स व बैनर पोस्टर को टीम ने हटवाया। एसडीएम ने कहा कि आदर्श आचार संहिता का अनुपालन नहीं करने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
मतगणना स्थल का निरीक्षण
अमेठी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से तैयारियां कराई जा रही है। एसडीएम महात्मा सिंह ने सोमवार को कालिकन इंटर कॉलेज में बनाए जा रहे स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम को पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए एवं मतगणना के समय एआरओ टेबल लगाए जाने का निर्देश देते हुए सीसीटीवी कैमरा आदि के संबंध में संबंधित से जानकारी ली। इसके बाद एसडीएम ने ब्लॉक में आवेदन पत्रों की बिक्री के लिए बने काउंटरों का निरीक्षण किया।
चुनाव का प्रशिक्षण आठ से
गौरीगंज। प्रभारी अधिकारी कार्मिक डॉ अंकुर लाठर ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के मद्देनजर शहर के इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज व मनीषी महिला पीजी कॉलेज में आठ से 12 अप्रैल 2021 तक दो पालियों में पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा। कहा कि इसके लिए अलग-अलग अफसरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।(संवाद)
सात दिन में 18 केस दर्ज
बाजार शुकुल। पंचायत चुनाव को देखते हुए एसपी दिनेश सिंह ने अवैध शराब निर्माण व बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के लिए अभियान संचालित करा रखा है। स्थानीय थाने की पुलिस की ओर से सप्ताह भर में 18 मुकदमे पंजीकृत कर 255 लीटर कच्ची शराब के साथ इसे तैयार करने का उपकरण आदि बरामद किया गया। इस दौरान कई भट्ठियों को भी नष्ट कराया गया।