त्रिसुंडी स्थित सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र पर ट्रॉफी के साथ मौजूद विजेता टीम। स्रोत : केंद्र
भादर। त्रिसुंडी स्थित सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र में अंतर बटालियन फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें 16 बटालियन, 63 बटालियन, 93 बटालियन सहित सात टीमों ने भाग लिया। फाइनल मैच में 63 बटालियन अयोध्या ने 239 बटालियन रामपुर को 4-1 से शिकस्त दी।
फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में 63 बटालियन अयोध्या ने बढ़त बनाई। दूसरे हाफ में भी टीम ने लगातार दबाव बनाए रखा। 63 बटालियन अयोध्या के कप्तान गुरमेज सिंह के नेतृत्व में टीम ने शानदार तालमेल दिखाते हुए चार गोल किए। 239 बटालियन रामपुर की टीम एक गोल ही कर सकी।
डीआईजी जीसी मदन कुमार ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने खिलाड़ियों की खेल भावना और अनुशासन की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से जवानों में आपसी समन्वय, शारीरिक दक्षता और टीम भावना मजबूत होती है। इस अवसर पर डॉ. पीके राय, कमांडेंट मनीष कुमार मीणा, उप कमांडेंट अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी, खिलाड़ी और जवान मौजूद रहे।