अमेठी सिटी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से संबद्ध संस्था सिप्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल बर्न एवं ट्रॉमा सेंटर (एसआईपीएस) लखनऊ की ओर से जिला अस्पताल परिसर में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें निशुल्क ऑपरेशन व उपचार के लिए जन्म से कटे-फटे होठ एवं तालू के बच्चे 19 वर्ष तक के 55 बच्चों का पंजीकरण किया गया। इनमें से 20 बच्चों को संस्था के ही बस से एसआईपीएस हॉस्पिटल लखनऊ रेफर किया गया, जहां उनके रहने, खाने की व्यवस्था निशुल्क रहेगी। शेष चिह्नित बच्चों को भी जल्द ऑपरेशन के लिए भेजा जाएगा।
टीम में शामिल डॉ. वरुण शुक्ल, प्रोजेक्ट मैनेजर मोहम्मद आमीन खान ने बताया है कि आरबीएसके कार्यक्रम के प्रति लोगों को जागरूक करना और शिविर में चिह्नित बच्चों का ऑपरेशन व इलाज निशुल्क है। नोडल अधिकारी डाॅ. एनके मिश्र ने बताया कि इसके अलावा डीईआईसी सेंटर्स के माध्यम से बच्चों में जन्मजात दिल का छेद, कम सुनना, अस्थि रोग, पैर का घुमा हुआ होना जैसी करीब 40 प्रकार की बीमारियों का भी निशुल्क इलाज कराया जा रहा है। शिविर में इस वर्ष अच्छा कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान एसीएमओ डॉ. पीके उपाध्याय, मनु श्रीवास्तव, गंगाधर गौतम, जनार्दन गौतम आदि मौजूद रहे।