अमेठी सिटी। एसपी अनूप कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को जिले के 51 पुलिस कर्मियों को एक साथ लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। हालांकि एसपी का कहना है कि कार्य में लापरवाही, एक ही थानों पर कई सालों से जमे रहने सहित विभिन्न मामलों को लेकर यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस के सूत्रों के मुताबिक एसपी ने कई थानों पर तैनात आरक्षियों व हेड कांस्टेबल की गोपनीय जांच करवाई थी। रिपाेर्ट में शिकायत निस्तारण में लापरवाही, फरियादियों से अभद्रता व लंबे समय से एक ही थाने में कार्यरत रहने सहित कई अन्य मामले में प्रकाश मेें आए 51 पुलिस कर्मियों को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी ने जायस, जगदीशपुर, बाजारशुकुल, सेमरौता, भाले सुल्तान शहीद स्मारक, इन्हौना में कार्यरत तीन-तीन आरक्षी व मुख्य आरक्षी को लाइन हाजिर कर दिया।
इसी तरह मुसाफिरखाना थाने में कार्यरत छह, शिवरतनगंज, गौरीगंज व मुंशीगंज में एक-एक, फुरसतगंज में दो, अमेठी, संग्रामपुर, रामगंज व पीपरपुर के चार-चार, जामो थाने के पांच आरक्षी व मुख्य आरक्षी को भी लाइन हाजिर किया गया है। एसपी की कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा है। एसपी अनूप सिंह ने बताया कि कानून व्यवस्था को व्यवस्थित व सुदृढ़ बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई है।