जगदीशपुर (अमेठी)। क्षेत्र के करीब 45 ग्राम पंचायतों की डेढ़ लाख आबादी को बेहतर बिजली व्यवस्था मुहैय्या कराने के लिए बिजली विभाग जगदीशपुर बिजली उपकेंद्र के उपकरणों को दुरुस्त करा रहा है। बुधवार की सुबह 10 बजे से जर्जर विद्युत उपकरणों को बदलने का काम शुरू किया गया, जो देर शाम तक चलता रहा। लोगों को बिजली की समस्या से जरूर जूझना पड़ा, लेकिन व्यवस्था दुरुस्त होने के बाद गर्मी के दिनों में बिजली ट्रिपिंग से पूरी तरह निजात मिल जाएगी। जगदीशपुर स्थिति 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र से देवकली, वारिशगंज, थाना फीडर व एक इन कमिंग (आगमन पोसक) फीडरों को बिजली सप्लाई की जाती है। बिजली व्यवस्था देने के लिए उपकरणों को दुरुस्त कराने का काम बुधवार की सुबह से शुरू हुआ। 10 बजे से शटडाउन लिया गया। पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अधिशाषी अधिकारी जगदीशपुर हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि जगदीशपुर 33/11 विद्युत उपकेंद्र से संचालित देवकली, वारिशगंज, थाना फीडर व इनकमिंग फीडर के पैनल बदले जा रहे हैं। नए कंट्रोल पैनल लगाए जाने से उपकेंद्र के पांचों फीडर बंद रहे।
40 लाख की लागत से हो रहा सुधार
जगदीशपुर उपकेंद्र से जुड़े सभी फीडरों के पैनल व अन्य उपकरण बदलने के लिए करीब 40 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। विभागीय जिम्मेदारों ने बताया कि एक पैनल की कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपए है। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगा।