अमेठी। कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के बावजूद जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। इंडोगल्फ कॉलोनी में लगातार बढ़ रहे मरीजों के साथ अब कई गांवों में एक साथ एक से अधिक कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। शनिवार रात संकलित रिपोर्ट में 42 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिला प्रशासन ने संक्रमितों के इलाज का प्रबंध करते हुए संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की सैपलिंग व सैनिटाइजेशन का कार्य शुरू कराया है।
जिला प्रशासन की तमाम कोशिश व बचाव कार्य के बावजूद जिले में संक्रमण की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रहीे है। जगदीशपुर के इंडोगल्फ कॉलोनी में पिछले दिनों से बढ़ी कोरोना की रफ्तार थम नहीं रही है। इतना ही नहीं कोरोना संक्रमण में अब जहां एक ही परिवार के कई सदस्यों के साथ गांव में संक्रमण की रफ्तार दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
शनिवार रात अलग-अलग स्थानों से एकत्र 1,444 लोगों की संकलित रिपोर्ट जिला प्रशासन को मिली। रिपोर्ट में जगदीशपुर की इंडोगल्फ कॉलोनी में रहने वाले नौ लोगों के साथ सीआरपीएफ त्रिसुंडी में कार्यरत तीन कर्मी व सीएचसी जामो में कार्यरत एक कर्मी समेत 42 लोगों के संक्रमित होने तथा 1,402 लोगों के रिपोर्ट निगेटिव होने और होम आइसोलेट के साथ अस्पताल में भर्ती 44 लोगों को डिस्चार्ज करने का उल्लेख किया गया है।
पॉजिटिव मिलने लोगों में जगदीशपुर विकास खंड के 16, भादर ब्लॉक के छह, जामो ब्लॉक के चार, बहादुरपुर, शाहगढ़ व अमेठी के तीन-तीन, सिंहपुर, गौरीगंज व मुसाफिरखाना के दो-दो और तिलोई के एक लोग शामिल हैं।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई के लिए मजिस्ट्रेट की अगुवाई में गठित टीम को सक्रिय करते हुए संक्रमितों की मांग व स्वास्थ्य के अनुसार उन्हें अस्पताल या होम आइसोलेट करते हुए उपचार का प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा है।
गठित टीम रविवार को संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कर पहचान करते हुए संभावित संक्रमितों की जांच व सैनिटाइजेशन कार्य में जुटी है। आकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 2,123 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 1,610 उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं तो 15 की मौत हो चुकी है। मौजूदा समय जिले में 498 एक्टिव मरीज हैं।