. टिकरिया बाइपास पर प्राथमिक विद्यालय के पास गड्ढों में भरा पानी। -संवाद
अमेठी सिटी। जिला मुख्यालय के बगल डेढ़ किलोमीटर लंबे टिकरिया बाईपास में 350 से अधिक छोटे-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों ने न केवल आवागमन को मुश्किल बना दिया है, बल्कि ये जानलेवा भी साबित हो रहे हैं। इस बाईपास से प्रतिदिन आला अफसर भी गुजरते हैं, लेकिन गड्ढों की पैचिंग कराने को लेकर जरूरी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
शहर में जाम की समस्या कम करने के लिए गौरीगंज-प्रतापगढ़ मार्ग और बांदा-टांडा हाईवे को जोड़ने के लिए टिकरिया स्थित महिला थाना के पास से डेढ़ किलोमीटर लंबा बाईपास बनाया गया है। इसकी मरम्मत और रखरखाव की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सड़क पर गड्ढों की भरमार हो गई है। जगह-जगह सड़क धंस गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश में गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और खतरनाक हो जाती है। सबसे ज्यादा समस्या दो पहिया वाहन चालकों को हो रही है। हर कदम पर दुर्घटना का खतरा मंडराता रहता है।
गौरीगंज निवासी पंकज शुक्ल, शिवसेवक मिश्र, मनोज कुमार आदि ने बताया कि इस तरफ से गुजरने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी बारिश के दिनों में होती है। ये सड़क लंबे समय से बदहाल है। भारी वाहनों के कारण सड़क की दशा दिनोंदिन खराब होती जा रही है। जल्द ही पैचिंग न कराई गई तो पूरी सड़क ध्वस्त हो जाएगी।
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पूर्व में मरम्मत कराई गई थी। बारिश बंद होने के बाद बाईपास को दुरुस्त कराया जाएगा।