अमेठी सिटी। जम्मू में लगातार हो रही बारिश का असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ा है। शनिवार को लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर चलने वाली राजेंद्रनगर-जम्मूतवी अर्चना एक्सप्रेस और लखनऊ-सुल्तानपुर ट्रैक पर चलने वाली हावड़ा-जम्मूतवी हिमगिरि एक्सप्रेस निरस्त कर दी गई। इसी तरह वाराणसी-जम्मूतवी बेगमपुरा एक्सप्रेस को अंबाला कैंट तक ही संचालित किया गया। अचानक हुए बदलाव से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं।
अमेठी स्टेशन पर अर्चना एक्सप्रेस पकड़ने पहुंचे रामसिद्ध वर्मा ने बताया कि वे लुधियाना की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने स्लीपर क्लास का कन्फर्म टिकट बुक कराया था, लेकिन स्टेशन आने पर पता चला कि ट्रेन निरस्त कर दी गई है। मजबूरी में उन्हें टिकट रद्द कराकर पंजाब मेल से साधारण कोच में सफर करना पड़ा। इसी तरह राममिलन कश्यप ने बताया कि उन्हें जालंधर जाना था, मगर ट्रेन का संचालन रद्द होने से योजना बदलनी पड़ी।
कई यात्री टिकट निरस्त कराकर घर लौट गए तो कुछ ने जोखिम उठाकर अन्य ट्रेनों के भीड़ भरे डिब्बों में सफर किया। रेलवे रिकॉर्ड के अनुसार शनिवार को अमेठी और गौरीगंज में 24 यात्रियों ने अपने टिकट निरस्त कराए। निहालगढ़ स्टेशन पर हिमगिरि एक्सप्रेस से जम्मूतवी जाने वाले कई यात्री भी असुविधा झेलते रहे। कन्फर्म टिकट होने के बावजूद उन्हें बेगमपुरा एक्सप्रेस के साधारण कोच में सफर करना पड़ा। इससे महिलाओं और बुजुर्ग यात्रियों को परेशानी हुई।
गौरीगंज स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि ट्रेनों के निरस्त होने की जानकारी एक दिन पहले से सार्वजनिक की जा रही है। यात्रियों को राहत देने के लिए टिकट निरस्त कराने और नए टिकट जारी करने की व्यवस्था आरक्षण केंद्र पर की गई है।