गौरीगंज के रणंजय इंटर कॉलेज में परीक्षा देकर बाहर निकलती अभ्यर्थी। -संवाद
अमेठी सिटी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2025 रविवार को जिले के 15 केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा के लिए 6202 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2916 ने भाग लिया, जबकि 3286 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त व्यवस्था की थी।
सुबह सात बजे से अभ्यर्थियों की भीड़ केंद्रों के बाहर दिखाई देने लगी। प्रवेश से पहले बायोमीट्रिक और आई स्कैनिंग प्रक्रिया पूरी कराई गई। सत्यापन के बाद ही बारकोडयुक्त प्रवेश पत्र पर मुहर लगाकर उन्हें परीक्षा कक्ष में भेजा गया। परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से जोड़ा गया, जिनकी रीयल टाइम मॉनिटरिंग नियंत्रण कक्ष से की गई।
सुरक्षा के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों पर पुलिस, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित हुई। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से गड़बड़ी या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। डीएम संजय चौहान, एसपी अपर्णा रजत कौशिक, एएसपी ज्ञानेंद्र सिंह, डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी और आयोग के समन्वयक वीरेंद्र सिंह ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि परीक्षा पूर्ण पारदर्शिता और शांति के साथ कराई गई।