जगदीशपुर/अमेठी सिटी। संजय गांधी पॉलीटेक्निक कॉलेज में चौथे व छठे सेमेस्टर की परीक्षा में 1045 में से 325 छात्र फेल हो गए। परीक्षा परिणाम तीन अक्तूबर को ही जारी कर दिया गया था, लेकिन छात्रों ने मंगलवार को कॉलेज गेट पर हंगामा किया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कॉपी जाने में गलती किए जाने का आरोप लगाते हुए दोबारा मूल्यांकन की मांग की। कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि इस संबंध में शासन को अवगत कराया जाएगा।
प्राचार्य को दिए ज्ञापन में छात्रों ने कहा है कि सम सेमेस्टर की कॉपियां सही से चेक नहीं किए जाने से छात्रों का 70 प्रतिशत तक रिजल्ट खराब हुआ है। अच्छी कॉपियां लिखने के बाद भी कम नंबर दिए गए हैं। जिन बच्चों के रिजल्ट पिछले सेमेस्टर में अच्छे थे, उनकी भी सम सेमेस्टर में बैक और ईयर बैक की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ऐसे में छात्रों के भविष्य को देखते हुए कॉपियां दोबारा सही तरीके से चेक कराई जाएं। नया रिजल्ट आने तक अगले सेमेस्टर में प्रवेश स्थगित किया जाए। ज्ञापन देने वालों में आदर्श कुमार सिंह, नीतीश कुमार, राकेश सिंह, दिनेश कुमार, सिद्धार्थ कुमार, कृष्ण कुमार साहू, शशांक तिवारी आदि शामिल थे।