मुंशीगंज एचएएल कोरवा में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित शिविर में मौजूद लोग।- संवाद
अमेठी सिटी। जिला अस्पताल ब्लड सेंटर और अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को एचएएल कोरवा परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें कर्मचारियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। 31 लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए योगदान दिया।
शिविर में 34 लोगों ने पंजीकरण कराया। रक्तदान से पहले ब्लड सेंटर की टीम ने सभी का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद 31 लोग रक्तदान के लिए पात्र पाए गए। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल, एचएएल के सीएमएस डॉ. अश्वनी कुमार और कार्यकारी निदेशक रवि प्रकाश ने किया।
उन्होंने रक्तदान को सामाजिक दायित्व बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। ब्लड सेंटर इंचार्ज डॉ. विवेक कुमार चौधरी ने कहा कि दुर्घटना, ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों के दौरान मरीजों को रक्त की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने नियमित रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित किया। रक्त संग्रह कार्य डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया के नेतृत्व में किया गया। टीम में संतोष कुमार, श्रवण कुमार मिश्रा, धनंजय सिंह, सौरभ नायर, रिंकू सिंह, बिंदेश्वरी प्रसाद और अभिषेक कुमार शामिल रहे। कार्यक्रम में डॉ. संतोष कुमार, केके श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।