अमेठी सिटी। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए शनिवार को जिले के 13 केंद्रों पर लिखित परीक्षा आयोजित की गई। पंजीकृत 4609 अभ्यर्थियों में से 3070 ने परीक्षा में भाग लिया। गणित और तार्किक क्षमता से जुड़े प्रश्नों ने बच्चों को सबसे अधिक उलझाया।
अभाज्य संख्याओं की गणना, बड़ी संख्याओं का गुणनफल और समय आधारित सवालों को हल करने में परीक्षार्थियों को काफी वक्त लगा। कई बच्चों ने प्रश्नपत्र संतुलित बताया, मगर गणित के कुछ सवाल कठिन लगे। गौरीगंज स्थित रणंजय इंटर कॉलेज केंद्र से परीक्षा देकर निकले ऋषभ मौर्य ने बताया कि प्रश्नपत्र अच्छा था, पर गणित के दो सवाल हल करने में समय अधिक लगा। पंचभुज से जुड़ा प्रश्न समझने में कठिनाई हुई। उन्होंने चयन की उम्मीद जताई।
अभिजीत ने कहा कि सामान्य ज्ञान के प्रश्न ठीक थे, मगर तार्किक क्षमता से जुड़े सवाल चुनौतीपूर्ण रहे। रेलगाड़ी की यात्रा अवधि से संबंधित प्रश्न में ज्यादा वक्त लगा। अनुभव ने बताया कि संयम के साथ सभी सवाल हल किए।
नवोदय विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार सिंह, डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी और बीएसए संजय कुमार तिवारी ने केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। मूल्यांकन के बाद परिणाम घोषित किए जाने की जानकारी दी गई।
नवोदय विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार सिंह, डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी और बीएसए संजय कुमार तिवारी ने केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।