केशवनगर स्थित सरयूदेवी विद्यामंदिर में आयोजित कार्यक्रम में छात्रा को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्र
अमेठी सिटी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए शनिवार का दिन राहत लेकर आया। कक्षा नौ से 12 तक के 3065 विद्यार्थियों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि पहुंची। जिले में कुल एक करोड़ पांच हजार रुपये की राशि अंतरित की गई। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक सहारा मिलेगा।
सरयू देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज केशव नगर में लोक भवन लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति कार्यक्रम का सजीव प्रसारण हुआ। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से परिश्रम, अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
जिला स्तर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने की। उन्होंने विद्यालय के 52 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाणपत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति किसी विद्यार्थी की पढ़ाई के आड़े नहीं आनी चाहिए। जिला समाज कल्याण अधिकारी रामनगीना यादव ने बताया कि प्रथम चरण में कक्षा नौ से 12 तक के 3065 विद्यार्थियों के खातों में कुल एक करोड़ पांच हजार रुपये भेजे गए हैं।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, विद्यालय प्रबंधक हरिकेश बहादुर सिंह, प्रधानाचार्य अरविंद कुमार पांडेय, निदेशक अशोक सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विकास मौर्या, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कमर उद्दीन सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।