अमेठी। परिवहन निगम के निर्देश पर विभाग ने खर्चों में कटौती करते हुए यात्रियों के अभाव में बसों की संख्या घटा दी है। बसों की संख्या घटने के बाद अमेठी डिपो का रोड फैक्टर 53 फीसदी पहुंच गया है। डिपो में 44 बसों के सापेक्ष मात्र 28 का संचालन हो रहा है।
कोरोना संक्रमण को लेकर परिवहन निगम ने बसों का संचालन ठप करा दिया था। अनलॉक-2 शुरू होने के बाद परिवहन निगम की बसों का संचालन शुरू हुआ लेकिन यात्रियों के अभाव में बसें घाटे में ही चल रही हैं। राजस्व घाटे को देख खर्चों में कटौती करते हुए 40 फीसदी बसों का सरेंडर कर दिया गया। अमेठी डिपो में कुल 44 बसों के सापेक्ष 16 बसें सरेंडर की गई हैं। अमेठी डिपो में अब 28 बसों का ही संचालन हो रहा है।
बसों की संख्या घटने के बाद अब दो दिनों में रोड फैक्टर 53 फीसदी पहुंच गया है जिससे राजस्व में आंशिक वृद्धि हुई है। एआरएम राकेश मोहन पांडेय ने बताया कि विभाग के निर्देश पर बसों को सरेंडर कर दिया गया है। इस समय डिपो की 28 बसें संचालित हो रही हैं। रोड फैक्टर 53 फीसदी पहुंच गया है। कहा कि राजस्व में भी आंशिक वृद्धि हुई है।