अमेठी। जिले में मंगलवार देर रात आई 2,022 सैंपलों की जांच रिपोर्ट में 26 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने संक्रमित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए प्रोटोकॉल के तहत बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन के निर्देश पर अलग-अलग स्थानों से एंटीजन, ट्रूनॉट व रैपिड टेस्ट विधि से 2,022 लोगों की कराई गई सैंपलिंग की रिपोर्ट मंगलवार देर रात जिला प्रशासन को मिली। इस रिपोर्ट में 26 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव तो 1,996 की रिपोर्ट निगेटिव बताई गई है।
रिपोर्ट में कहा गया कि मंगलवार को अस्पताल में भर्ती व होम आइसोलेट 16 संक्रमितों के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। पॉजिटिव मिले लोगों में जामो ब्लॉक में एक परिवार के तीन सदस्य समेत 10 तो मुसाफिरखाना ब्लॉक में पांच, तिलोई व जगदीशपुर ब्लॉक में तीन-तीन, भादर व अमेठी में दो-दो तथा गौरीगंज ब्लॉक का एक व्यक्ति शामिल है।
डीएम अरुण कुमार ने बताया कि संक्रमित क्षेत्र को संक्रमण मुक्त करने के साथ संक्रमितों के उपचार की व्यवस्था उनकी मांग व स्वास्थ्य के अनुसार की गई है। जिले में अब तक 2,649 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जिनमें से उपचार के बाद 2,342 सही हो चुके हैं। संक्रमित मरीजों में 24 की मौत हो चुकी है तो वर्तमान में 283 मरीज अस्पताल व होम आइसोलेट रहकर उपचाराधीन हैं।