गोसाईगज पीएचसी पर आयोजित अरोग्य मेले में मरीज का इलाज करते डॉक्टर। -सवाद
अमेठी सिटी। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला रविवार को जिले के सभी 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित हुआ, जहां कुल 2499 मरीजों का परीक्षण कर इलाज किया गया। इस दौरान 20 गंभीर मरीजों को बेहतर देखभाल के लिए सीएचसी रेफर किया गया।
गोसाईगंज पीएचसी में आयोजित मेले में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुमित राय की निगरानी में सेवाएं दी गईं। यहां डॉ. अनुराधा, डॉ. अशोक पांडेय, फार्मासिस्ट अनिल सिंह समेत अन्य स्टाफ तैनात रहा। मेले में सुबह 12:02 बजे तक कुल 45 मरीज पहुंचे, जिनमें से 13 की जांच पूरी कर दवाएं दी गईं। कोरारी गांव निवासी वृद्धा कृष्णा देवी ने बताया कि उन्हें बीते सप्ताह से बुखार, सिरदर्द और बदन में दर्द की समस्या है। निजी डॉक्टर से इलाज कराने के बाद भी राहत न मिलने पर वह मेले में पहुंचीं। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दवा दी और जलवायु परिवर्तन में विशेष सावधानी रखने की सलाह दी।
बियसिया गांव के कल्लू ने बताया कि उन्हें एक वर्ष से सांस लेने में परेशानी है, जो अब बढ़ गई है। परीक्षण के बाद उन्हें आवश्यक दवा दी गई। झाऊनेई की बुधना देवी ने शुगर, बीपी, गैस और लगातार बुखार की समस्या बताई। परीक्षण के बाद उन्हें खानपान में सुधार और नियमित दवा लेने की सलाह दी गई। पूरे गोपाल गांव के श्याम शंकर को पेट की गड़बड़ी और गैस की शिकायत थी, जिन्हें मौके पर दवा दी गई। मेले में डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया और वायरल संक्रमण से बचाव की जानकारी भी दी गई। सभी पीएचसी पर स्वास्थ्यकर्मियों ने संचारी रोगों से जुड़ी सावधानी बताई।