फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: 2.47 लाख किसानों को मिली सम्मान निधि

Sat, 31 Oct 2026 12:50 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विकास भवन में पीएम किसान उत्सव में मौजूद किसान व अन्य। स्रोत- विभाग
विज्ञापन
अमेठी सिटी। दीपावली के साथ ही किसान रबी सीजन की खेती की तैयारियों में जुटे हैं। किसी को गेहूं का बीज खरीदना है तो किसी को खाद और अन्य इंतजाम करना है। ऐसे समय में शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त किसानों के बैंक खातों में पहुंची तो उनकी तैयारियों को आर्थिक सहारा मिला। जिले के 2,47,430 किसानों के खातों में राशि हस्तांतरित की गई।
विज्ञापन


इस मौके पर जिलेभर में पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया गया। गौरीगंज स्थित विकास भवन सभागार में मुख्य कार्यक्रम हुआ। इसमें करीब 130 प्रगतिशील किसानों ने प्रतिभाग किया। स्क्रीन पर गुजरात के बनासकांठा से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना।

प्रधानमंत्री ने कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने, आधुनिक तकनीक अपनाने और किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों पर जोर दिया। किस्त खाते में पहुंचने की जानकारी मिलते ही किसानों के चेहरे खिल उठे। गौरीगंज के खजूरी गांव निवासी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि रबी सीजन की खेती के लिए बीज, खाद और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था करनी है। सम्मान निधि से इन जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन


सराय हृदय शाह निवासी समरजीत सिंह ने कहा कि खेती शुरू करने से पहले बीज और खाद का इंतजाम करना पड़ता है। किस्त मिलने से आर्थिक सहारा मिला है। अन्नी बैजल निवासी गिरजा शंकर ने बताया कि रबी फसलों की तैयारी के समय कई तरह के खर्च उठाने पड़ते हैं। सम्मान निधि से जरूरी सामान खरीदने में सहूलियत होगी। रमईपुर निवासी राजेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि समय पर मिलने वाली धनराशि खेती की शुरुआती जरूरतों को पूरा करने में उपयोगी है।
जिले के अन्य स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। विकास भवन में जिला कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह निरंजन, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा रामप्रसाद मिश्र समेत कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।
उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार ने कहा कि सम्मान निधि की राशि सीधे बैंक खातों में पहुंचने से पारदर्शिता बनी है। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने, आधुनिक तकनीक और जैविक खेती अपनाने के साथ मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर संतुलित उर्वरकों का प्रयोग करने की अपील की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें