अमेठी सिटी। जिले की महिलाएं अब अपना कारोबार शुरू कर आत्मनिर्भर बनेंगी। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत जिले में 1105 महिलाओं को उद्यमी बनाने का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष 779 ने आवेदन किया है। 246 महिलाओं को ऋण मिल चुका है। इससे महिलाएं सिलाई, ब्यूटी पार्लर, बेकरी और किराना स्टोर जैसे कारोबार शुरू करेंगी।
योजना के माध्यम से महिलाओं को अपनी रुचि और स्थानीय जरूरत के अनुसार उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की इच्छुक महिलाओं के आवेदन लिए जा रहे हैं। इसके बाद बैंक और संबंधित विभाग के स्तर पर ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इसका उद्देश्य महिलाओं को रोजगार के लिए दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय खुद कमाई का जरिया उपलब्ध कराना है। योजना के प्रावधानों के अनुसार पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज और बिना गारंटी उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। परियोजना लागत पर 10 प्रतिशत मार्जिन मनी अनुदान का भी प्रावधान है। पात्रता के तहत 21 से 40 वर्ष की आयु, कम से कम आठवीं पास शैक्षिक योग्यता और मान्यता प्राप्त संस्थान से कौशल प्रशिक्षण प्रमाणपत्र जरूरी है।
महिलाओं ने अलग-अलग तरह के कारोबार के लिए आवेदन किया है। इनमें सिलाई, ब्यूटी पार्लर, मुर्गी पालन, आटा चक्की और किराना स्टोर के साथ मसाला, डिटर्जेंट पाउडर, केक-बेकरी, अचार और मुरब्बा बनाने के उद्यम शामिल हैं। इन कारोबारों से महिलाएं अपनी आमदनी बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर दूसरी महिलाओं को भी रोजगार दे सकेंगी।
उपायुक्त स्वरोजगार प्रवीणा शुक्ला ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना से जोड़कर स्वावलंबी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे महिलाएं अपना रोजगार शुरू कर सकेंगी।
पिछले वर्ष 949 से अधिक महिलाएं बनीं उद्यमी
योजना के तहत पिछले वर्ष जिले में 1800 महिलाओं को उद्यमी बनाने का लक्ष्य रखा गया था। इसके सापेक्ष 949 से अधिक महिलाओं ने अपना कारोबार शुरू किया। इनमें कई महिलाएं अपने उद्यम के माध्यम से दूसरों को भी रोजगार दे रही हैं।