गौरीगंज आईटीआई में रोजगार मेले के दौरान मौजूद युवा
अमेठी सिटी। आईटीआई में सोमवार को आयोजित रोजगार मेले में रोजगार की चाहत लेकर पहुंचे 882 युवाओं में से सिर्फ 239 को ही सफलता मिली है। 643 युवाओं के हिस्से में रोजगार के लिए इंतजार आया है। सोमवार को सुबह से लेकर दोपहर तक चले आयोजन में विभिन्न कंपनियों ने युवाओं का साक्षात्कार लिया।
विश्व युवा कौशल दिवस के उपलक्ष्य में रोजगार मेले का आयोजन आईटीआई गौरीगंज परिसर में सोमवार सुबह 10 बजे से किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा मेले में शामिल होने के लिए पहुंचे। युवाओं ने अपना बायोडाटा जमा कर इंतजार किया। इसके बाद कंपनियों ने योग्यता के अनुसार उनका चयन किया। कंपनियों ने चयनित युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर भी दिया।
कंपनी में शामिल होने पहुंचे बंगलुरू की बहुराष्ट्रीय कंपनी के सहायक प्रबंधक सुनील ने बताया कि युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें कार्य पर रखा जाएगा। वहीं, चयनित होने से वंचित छात्रा प्रिंसी ने बताया कि वह बहुत उम्मीद से रोजगार मेले में आई थीं, अब दोबारा प्रयास करेंगी। भेंटुआ से आए सचिन ने कहा कि रोजगार मेले में उन्हें मनपसंद काम नहीं मिल सका। आईटी के क्षेत्र में वह प्रयास कर रहे हैं। ज्यादातर स्टाॅल पर युवाओं की भीड़ दिखाई दी जहां वह अपना नाम व फोन नंबर नोट करते रहे। उनका बायोडाटा जमा कराया गया।
रोजगार मेेले में जिला सेवायोजन अधिकारी अनुपमा रानी मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला समय-समय पर आयोजित कराए जाएंगे। आईटीआई के प्रधानाचार्य विवेक यादव ने बताया कि रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए हैं। एक साथ सभी जिलों में रोजगार मेला होने के चलते कई कंपनियां शामिल नहीं हो सकी हैं। इस मौके पर आईटीआई जायस के प्रधानाचार्य शिवाकांत द्विवेदी, आईटीआई अमेठी के प्रधानाचार्य महेंद्र प्रताप सिंह के अलावा मृत्युंजय, संदीप कुमार सहित कई मौजूद रहे।