अमेठी सिटी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की सुगबुगाहट शुरू होते ही गांवों में चुनावी तापमान चढ़ने लगा है। एक ओर मतदाता सूची पुनरीक्षण की अधिसूचना जारी हो चुकी है वहीं दूसरी ओर संभावित प्रत्याशियों ने जनसंपर्क करना भी शुरू कर दिया है। सीटों के आरक्षण से इतर, सुबह की चाय से लेकर रात की चौपाल तक यही चर्चा हो रही है कि कौन मैदान में उतरेगा और किसके सिर पर जीत का ताज होगा।
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक जिले की 682 ग्राम पंचायाताें में 14 अगस्त से 29 सितंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची अपडेट करेंगे। इससे पहले ही संभावित उम्मीदवारों ने मोर्चा संभाल लिया है। कोई जन्मदिन की बधाइयों के जरिये अपनी पहुंच बना रहा है तो कोई कीचड़ में उतरकर फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर जनसेवक की छवि गढ़ रहा है। वर्तमान में जिले में 865 क्षेत्र पंचायत और 36 जिला पंचायत वार्ड निर्धारित हैं। इनमें 3,02,764 परिवारों की अनुमानित आबादी 17,92,185 है। यह संरचना 2011 की जनगणना पर आधारित है जो 2026 के चुनाव में भी आधार बनने जा रही है।
विकास खंडवार आंकड़ों पर नजर डालें तो अमेठी में 50, गौरीगंज में 58, मुसाफिरखाना में 56, तिलोई में 59, जगदीशपुर में 71, बाजार शुकुल में 54, भेटुआ में 47, भादर में 53, संग्रामपुर में 37, शाहगढ़ में 39, जामो में 66, सिंहपुर में 58 और बहादुरपुर में 34 ग्राम पंचायतें चिह्नित की गई हैं। बात केवल गांवों में सीधे संपर्क तक सीमित नहीं है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर बधाई पोस्ट, वीडियो संदेश और वादों की बाढ़ सी आ गई है। कई युवाओं ने चुनावी रणनीति के लिए डिजिटल टीम भी गठित कर ली है।